पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने जापान दौरे के तीसरे दिन राज्य के लिए ₹500 करोड़ के निवेश को मंजूरी दी. जापानी स्टील कंपनी आइची स्टील कॉरपोरेशन (टोयोटा की स्टील कंपनी) ने वर्धमान स्पेशल स्टील्स के साथ सहयोग बढ़ाने के लिए समझौते पर हस्ताक्षर किए. ये समझौता राज्य में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने और रोजगार के नए अवसर पैदा करने के लिए एक अहम कदम है.
इंडिगो में पिछले दिनों भारी उड़ान बाधाएं देखने को मिलीं. 300 से अधिक उड़ानें रद्द हुईं और कई देरी से चलीं. CEO पीटर एल्बर्स ने माना कि कंपनी यात्रियों को अच्छा अनुभव नहीं दे पाई. उन्होंने बताया कि तकनीकी दिक्कतें, खराब मौसम, भीड़भाड़ और नए FDTL नियमों ने मिलकर ऑपरेशंस को प्रभावित किया. कंपनी का लक्ष्य अब समयबद्धता सुधारना है.
फगवाड़ा के हदियाबाद इलाके में तीन अज्ञात हमलावरों ने युवक अविनाश कुमार पर गोली चलाकर हत्या कर दी. हमलावर घटना को अंजाम देकर कार से भाग निकले. इस मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई और पुलिस जांच में जुटी है. घटना ने इलाके में भय फैला दिया है. आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है.
हरियाणा के नूंह में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े एक जासूसी और हवाला नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है. सीआईए तावडू और एनआईए दिल्ली की टीम ने मुख्य आरोपी रिजवान सहित अब तक पांच को अरेस्ट किया है. आरोप है कि यह नेटवर्क पाकिस्तान से आने वाले हवाला धन के जरिए भारत में आतंकी गतिविधियों, जासूसी और अवैध तस्करी को बढ़ावा दे रहा था.
अमृतसर-पठानकोट रोड पर बड़ा हादसा हुआ है. यहां कट्थूनंगल के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब यात्रियों से भरी बस और बजरी से लदा ट्रक आमने-सामने टकरा गए. इस हादसे में करीब 35 से 40 यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं. मृतकों की संख्या को लेकर पुलिस अभी स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रही है.